Advertisement Carousel
Blog

रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बेलतरा ग्रामीण बैंक में सेंधमारी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल हथियार और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। देखिए यह रिपोर्ट…

रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा ग्रामीण बैंक में 4 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। बदमाशों ने बैंक के लॉकर और एटीएम को तोड़कर चोरी का प्रयास किया तथा बैंक में लगा राउटर और स्टेबलाइजर चोरी कर फरार हो गए।

Advertisements
Advertisements



घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमेष कश्यप उर्फ सोनू, सूरज कुमार विश्वकर्मा, नवीन कुमार बैसवाड़े, खिकराम खैरवार उर्फ विक्की और प्रकाश यादव उर्फ बौना के रूप में हुई है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।



पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टेबलाइजर, राउटर, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, बैंक की दीवार, लॉकर और एटीएम तोड़ने में प्रयुक्त गैंती और टंगिया बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित रतनपुर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button