```html ```

भिलाई में एटीएम तोड़कर रुपये चोरी करने की कोशिश, राजस्थान का ट्रक चालक गिरफ्तार बोरिया गेट स्थित SBI एटीएम को बनाया था निशाना, लोहे की रॉड और जैक रॉड से मशीन तोड़ने का प्रयास; वारदात में प्रयुक्त ट्रक और मोबाइल जब्त

भिलाई में एटीएम तोड़कर रुपये चोरी करने की कोशिश, राजस्थान का ट्रक चालक गिरफ्तार
बोरिया गेट स्थित SBI एटीएम को बनाया था निशाना, लोहे की रॉड और जैक रॉड से मशीन तोड़ने का प्रयास; वारदात में प्रयुक्त ट्रक और मोबाइल जब्त

 

दुर्ग, भिलाई के सेक्टर-4 बोरिया गेट स्थित स्टेट बैंक के एटीएम को तोड़कर रुपये चोरी करने का प्रयास करने वाले आरोपी को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी 28 वर्षीय केशरा राम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक RJ 47 GA 3435 जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आर्थिक तंगी में एटीएम तोड़ने की कोशिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात की है। सेक्टर-4 बोरिया गेट स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में अज्ञात व्यक्ति ने रुपये चोरी करने की नीयत से तोड़फोड़ कर मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में प्रार्थी सुबधा कुमार की रिपोर्ट पर 22 अक्टूबर को थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम केशरा राम, निवासी जिला बाड़मेर, राजस्थान बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक तंगी के कारण एटीएम से रुपये चोरी करने के इरादे से मशीन तोड़ने का प्रयास करना स्वीकार किया।
ट्रक में रखे औजारों से मशीन तोड़ने का प्रयास
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रक क्रमांक RJ 47 GA 3435 में चूना पाउडर लेकर राजस्थान से भिलाई स्थित बीएसपी आया था। माल खाली करने के बाद वह कंपनी के अगले आदेश का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके पास रुपये खत्म हो गए, जिसके बाद उसने एटीएम से पैसे निकालने की योजना बनाई।
आरोप है कि आरोपी ने अपने ट्रक में रखे लोहे के रॉड और जैक रॉड (सब्बल) की मदद से एटीएम मशीन तोड़ने की कोशिश की। हालांकि, रुपये निकालने में असफल रहने और आसपास लोगों की आवाजाही होने पर वह मौके से हटकर अपने ट्रक में जाकर छिप गया।
ट्रक और मोबाइल फोन जब्त
मामले की जांच के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने आरोपी को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन और ट्रक जब्त किया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी, सहायक उप निरीक्षक पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक परस राम साहू तथा आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव और आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और बैंक प्रबंधन से अपील की है कि एटीएम तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने और चोरी का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *