```html ```

प्रेम प्रसंग के विवाद में मंगेतर पर जानलेवा हमला, मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से किया वार

प्रेम प्रसंग के विवाद में मंगेतर पर जानलेवा हमला, मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से किया वार
नया मकान दिखाने के बहाने युवक को ले गया शिवपुरी क्षेत्र, जामुल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
दुर्ग। प्रेम संबंध और आधार कार्ड को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक युवक पर मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बाद उस पर धारदार हथियार से वार किया गया। घटना में घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर किया गया। मामले में जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आधार कार्ड को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। बताया गया कि किरण द्वारा अपने प्रेमी से विवाह के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता के संबंध में आरोपी से आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई।
इसी दौरान आरोपी दीपक गुप्ता ने अमित को नया मकान दिखाने की बात कही और उसे शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। पुलिस के मुताबिक, वहां आरोपी ने अमित की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और इसके बाद हत्या करने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया
हमले में घायल अमित को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट के आधार पर जामुल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 779/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
हथियार जब्त, आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को जब्त किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, दीदार स्टूडियो के पीछे, थाना छावनी, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
विवादों का समाधान कानून के दायरे में करने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रेम संबंधों, पारिवारिक मामलों और आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी परिस्थिति में हिंसा का सहारा न लें। यदि किसी विवाद के गंभीर रूप लेने या अपराध होने की आशंका हो, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
जामुल पुलिस की इस कार्रवाई में घायल एवं गवाहों के बयान दर्ज करने, घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त करने और आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक प्रक्रिया के तहत विवेचना की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *