सक्ती में मतदाता सूची विशेष अभियान तेज, 5,546 नए मतदाताओं के नाम जुड़े

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जयश्री जैन ने दी अभियान की जानकारी, पात्र नागरिकों से पंजीकरण कराने की अपील
सक्ती, 16 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जयश्री जैन ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है। इसके साथ ही नए एवं युवा मतदाताओं को भी पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है।च अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा शुक्रवार एवं शनिवार को विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से भी पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
एसआईआर के बाद 5,546 मतदाताओं के नाम जुड़े
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले जिले में कुल 7,29,853 मतदाता दर्ज थे, जबकि एसआईआर की अंतिम प्रकाशित सूची में 6,70,283 मतदाता शामिल थे। पुनरीक्षण के दौरान कुल 68,901 एएसडी मतदाताओं के संबंध में जानकारी सामने आई। इनमें 21,032 मृत, 33,971 स्थानांतरित, 9,020 अनुपस्थित, 4,756 दोहरे नाम तथा 122 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल थे।
उन्होंने बताया कि एसआईआर के बाद 13 अक्टूबर 2026 तक की स्थिति में जिले की मतदाता सूची में 5,546 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए अभियान के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
718 बीएलओ के माध्यम से मिल रही सहायता
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, पंजीकरण कराने अथवा निर्वाचन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिले में 718 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), 12 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा 3 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपलब्ध हैं। नागरिक इन अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
युवा मतदाताओं को जागरूक करने पर जोर
जिले में मतदाता जागरूकता एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण कोछ बढ़ावा देने के लिए शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, आईटीआई, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिला, विधानसभा, विकासखंड, संकुल एवं मतदान केंद्र स्तर पर प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
नुक्कड़ नाटक, रंगोली, रैली, बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, निर्वाचन कार्यालय के सहायक प्रोग्रामर श्री श्रवण गभेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।