मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज करेंगे तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का शुभारंभ
14 से 16 अक्टूबर तक मेला ग्राउंड में सजेगा सांस्कृतिक उत्सव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी होंगे शामिल
जांजगीर-चांपा। माता शबरी की पावन धरा और भगवान श्री शिवरीनारायण की नगरी में नवरात्रि एवं दशहरा मेले के अवसर पर तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का आयोजन 14 से 16 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। शिवरीनारायण स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
शुभारंभ समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और क्षेत्रीय गौरव से जुड़े इस आयोजन को शिवरीनारायण की पहचान को और मजबूती देने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, श्री महंत रामसुंदर दास, प्रज्ञा भारती और पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, संतोष लहरे, पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं लोकेश शुक्ला भी समारोह में शामिल होंगे।
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव के माध्यम से शिवरीनारायण की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। नवरात्रि और दशहरा मेले के दौरान आयोजित होने वाला यह उत्सव श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
शिवरीनारायण महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होने से आयोजन को विशेष महत्व मिला है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें तीन दिवसीय महोत्सव पर टिकी हैं।