रिहायशी इलाके में अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद, 8.56 लाख रुपये के पटाखे जब्त
बलौदा पुलिस की छापेमारी में 176 किलोग्राम पटाखे बरामद, नैला निवासी 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर। जिले में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलौदा पुलिस ने ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में छापेमारी कर पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने अलग-अलग कार्टूनों में रखे करीब 176 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बलौदा पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया और आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
रिहायशी इलाके में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किए जाने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी सामने आई हैं। पटाखों के अनुचित भंडारण से आगजनी जैसी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।