चोरी का कॉपर वायर खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, दुकान से चोरी का माल बरामद
तीन अन्य चोरियों के कॉपर वायर के साथ 40 हजार रुपये में बेचा गया था माल, रेलवे पटरी में उपयोग होने वाला लोहे का सामान भी जब्त
भिलाई/दुर्ग। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से बिजली के वायर, कॉपर वायर के सात बंडल और नल की टोटियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी महात्मा गांधी नगर, पावर हाउस, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की दुकान पर दबिश देकर चोरी का कॉपर वायर और रेलवे पटरी में उपयोग होने वाला लोहे का सामान बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मोहम्मद आजाद ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बालाजी चौक, कृष्णा नगर स्थित देवांगन होटल के पास उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात व्यक्तियों ने बिजली के वायर, कॉपर वायर के सात बंडल और नल की टोटियां चोरी कर ली हैं। शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1423/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(A) एवं 317(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी लोकेश ठाकुर, समीर कुमार डहरे और दो विधि से संघर्षरत बालकों से पूछताछ की। पूछताछ में चोरी किए गए कॉपर वायर को तीन अन्य चोरियों से प्राप्त कॉपर वायर के साथ मिलाकर कबाड़ी मनोज कुमार गुप्ता को कुल 40 हजार रुपये में बेचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित कबाड़ी की दुकान पर दबिश देकर चोरी का कॉपर वायर और रेलवे पटरी में उपयोग होने वाला लोहे का सामान बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार गुप्ता को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में बरामद सामग्री को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कबाड़ी कारोबारियों से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और कबाड़ी व्यवसायियों से निर्माणाधीन मकानों, दुकानों तथा प्रतिष्ठानों में रखी कीमती सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। पुलिस ने कबाड़ी कारोबारियों को कॉपर वायर, बिजली उपकरण और लोहे के सामान की खरीद-बिक्री करते समय उनकी वैधता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी है। साथ ही चोरी की सामग्री खरीदने या बेचने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी थाने में देने की अपील की है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक चितराम ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुबोध पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रहलाद सिरमौर और आरक्षक प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।