ई-ऑफिस की फाइलें 12 घंटे में निपटाएं अधिकारी, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
डिजिटल क्रॉप सर्वे 31 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलों के त्वरित निराकरण, डिजिटल क्रॉप सर्वे, अमृत मिशन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलें किसी भी अधिकारी के पास अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। ऐसी फाइलों का 12 घंटे के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में अनावश्यक देरी से बचते हुए रिस्पॉन्स टाइम कम करना प्राथमिकता होनी चाहिए। ई-ऑफिस की फाइलों के निराकरण की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी, ताकि प्रशासनिक कामकाज में तेजी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
डिजिटल क्रॉप सर्वे 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष सर्वे कार्य को 31 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सर्वे कार्य में तेजी लाने को कहा। जियो-रेफरेंसिंग सर्वेयर द्वारा मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे सही तरीके से और निर्धारित समय में पूरा होने से किसानों को भविष्य में शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
अमृत मिशन और पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा
कलेक्टर ने अमृत मिशन के तहत निर्माणाधीन जल आवर्धन परियोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
वहीं, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा लोगों को इसके लाभ और मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही आवेदन प्रक्रिया से लेकर सोलर संयंत्र की स्थापना तक हितग्राहियों को आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति आवेदनों में तेजी लाने पर जोर
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कम प्रगति वाले महाविद्यालयों के साथ बैठक आयोजित कर छात्र-छात्राओं के अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभाग को नियमित मॉनिटरिंग करने और पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शिवरीनारायण में प्रस्तावित प्रवास की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने तथा सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।