कटरा जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस की बड़ी रेड, 9 जुआरी गिरफ्तार; 11 बाइक और ब्रेजा कार समेत लाखों का सामान जब्त
47,500 रुपये नकद, 8 मोबाइल और 52 पत्ती ताश बरामद; पंतोरा पुलिस व रिस्पांस टीम की संयुक्त कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पंतोरा चौकी पुलिस और रिस्पांस टीम ने कटरा जंगल में जुए के फड़ पर दबिश देकर 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से 47 हजार 500 रुपये नकद, 11 मोटरसाइकिल, एक ब्रेजा कार, 8 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सूचना पर पुलिस की संयुक्त दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कटरा जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में पंतोरा चौकी पुलिस एवं रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। मौके पर जुआ खेलते पाए गए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से नकदी सहित वाहन, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में कई गांवों के निवासी शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दीपक राय (42 वर्ष), निवासी मड़वा, थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार; रूपचंद रात्रे (36 वर्ष), निवासी देवरी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर; संजू कुमार सूर्यवंशी (28 वर्ष), निवासी रसौटा, थाना पामगढ़; रमेश कुमार कश्यप (28 वर्ष), निवासी झूलन, थाना पामगढ़; सुरेंद्र लहरे (26 वर्ष), निवासी रसौटा, थाना पामगढ़; सुनील सिंह ठाकुर (27 वर्ष), निवासी कोटमीसोनार; साहिल लहरे (22 वर्ष), निवासी रसौटा, थाना पामगढ़; मयंक शर्मा (22 वर्ष), निवासी उसलापुर, जिला बिलासपुर तथा विशाल सिंह ठाकुर (24 वर्ष), निवासी कोटमीसोनार, थाना अकलतरा शामिल हैं।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में पंतोरा चौकी के पीएसआई अभिलाष सिन्हा, एएसआई जयनंदन मार्बल, आरक्षक लक्ष्मीनारायण कौशिक, युवराज, नितेश सिंह, भुवनेश्वर पटेल, दिलीप माथुर तथा रिस्पांस टीम के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।