बस एजेंट से रंगदारी और मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हफ्ता वसूली के लिए बस एजेंट और बीच-बचाव करने वालों से की थी मारपीट
बिलासपुर। बस एजेंट से हफ्ता वसूली के लिए मारपीट करने और जबरन पैसे मांगने के मामले में सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी हसन खान अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा निवासी 27 वर्षीय शरद कश्यप अंबिका बस क्रमांक CG15-IJ-8093 में बुकिंग एजेंट के रूप में काम करता है। 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:20 बजे वह पेट्रोल पंप के पास बिलासपुर से अंबिकापुर जाने वाली बस का हिसाब-किताब बना रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर तारण निर्मलकर, घनश्याम तोण्डे उर्फ छोटू, बाला उर्फ मोन्टू यादव और हसन खान वहां पहुंचे।
आरोप है कि चारों ने एक राय होकर शरद कश्यप से पिछले सप्ताह की रंगदारी के पैसे मांगे। मांग का विरोध करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बस के हिसाब के करीब 11 हजार रुपये और मोबाइल गिर गए। बाद में मोबाइल और कुछ पैसे मिल गए, लेकिन लगभग 3,300 रुपये नहीं मिले।
घटना के दौरान शरद के साथी सैफी गौरी और परवेज ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने जाते समय प्रार्थी और उसके साथियों को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1450/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) और 308(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में तारण निर्मलकर (37), निवासी भैरो नगर, तिफरा; घनश्याम तोण्डे उर्फ छोटू (28), निवासी शांतिनगर, इन्द्रपुरी, तिफरा; तथा बाला उर्फ मोन्टू यादव (27), निवासी विष्णु चौक, तिफरा, जिला बिलासपुर शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी हसन खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की आमजन से अपील
सरकंडा पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारी वर्ग से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति या गिरोह डराने-धमकाने अथवा दबाव बनाकर पैसों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने का प्रयास किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संदेश साफ है—रंगदारी और दबंगई के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।