कुनकुरी। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के द्वितीय राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय जगदेवराम उरांव की जन्मतिथि के अवसर पर 9 अक्टूबर 2026 को कुनकुरी विकासखंड के ग्राम लोटापानी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुनकुरी कल्याण आश्रम नगर महिला समिति ने गांव में निवासरत पहाड़ी कोरवा जनजाति के 40 परिवारों की महिलाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समाज के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ ही स्वर्गीय जगदेवराम उरांव के विचारों और सामाजिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को उनके जीवन परिचय, समाजसेवा के कार्यों और वनवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला समिति के सदस्यों ने जनजातीय समाज के साथ संवाद कर सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर भी जोर दिया। महिलाओं के सम्मान के माध्यम से समाज में अपनत्व और सहभागिता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कुनकुरी कल्याण आश्रम नगर समिति की श्रीमती संतोषी चौहान, श्रीमती अनिता गुप्ता, श्रीमती जुहिता बाई, श्रीमती विशनी नायक एवं श्री दिनेश सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वर्गीय जगदेवराम उरांव के विचारों को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज के प्रति सम्मान और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।