तालदेवरी में जुए के फड़ पर बिर्रा पुलिस की दबिश, 7 आरोपी गिरफ्तार
जुआरियों से 4,327 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में बिर्रा पुलिस ने ग्राम तालदेवरी में जुए के फड़ पर दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,327 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम तालदेवरी में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। इस दौरान कथित रूप से जुआ खेलते पाए गए सात लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार (34 वर्ष), ओमप्रकाश खुंटे (19 वर्ष), राहुल कुमार (25 वर्ष), जावेद बंजारे (28 वर्ष), प्रकाश खुंटे (37 वर्ष), संजीव कुमार बंजारे (43 वर्ष) और संदीप साहू (32 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम तालदेवरी, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम का रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव सहित प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, गौतम पांडे, डोमनिक तिग्गा तथा आरक्षक जनक कश्यप और लक्ष्मी कश्यप का सराहनीय योगदान रहा।
अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ-सट्टा सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।