Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़धमतरी

बैल को पकड़कर थाने पहुंचे वार्डवासी, FIR और गिरफ्तारी की मांग

Ward residents reached the police station with the bull, demanding FIR and arrest.

Ad
धमतरी। शहर में आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या को लेकर लोगों की नाराजगी अब अलग अंदाज में सामने आई। सुंदरगंज वार्ड के लोगों ने लंबे समय से परेशानी का कारण बने एक बेकाबू बैल को पकड़कर कोतवाली थाना पहुंचा दिया। वार्डवासियों ने पुलिस से बैल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों को बैल के साथ थाने पहुंचा देखकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
हमले से परेशान थे वार्डवासी
Advertisements
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुंदरगंज वार्ड में पिछले कई दिनों से एक बैल लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। आरोप है कि बैल ने कई लोगों पर हमला किया, जिसमें करीब तीन लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र के लोगों में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ था।
कांग्रेस नेता के पिता भी हुए घायल
वार्डवासियों ने बताया कि उक्त बैल ने धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी उत्पात मचाया था। इस दौरान उनके पिता के घायल होने की बात सामने आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद लोगों ने खुद संभाला मोर्चा
लोगों का कहना है कि आवारा मवेशियों को लेकर नगर निगम में शिकायतें की गई थीं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इससे परेशान होकर वार्डवासियों ने खुद बैल को पकड़ने का फैसला किया। लोगों ने मिलकर बैल को काबू में किया और उसे रस्सी से बांधकर वाहन के जरिए कोतवाली थाना ले आए।
पुलिस ने समझाइश देकर संबंधित विभाग की बताई जिम्मेदारी
थाने पहुंचकर लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस ने वार्डवासियों को समझाइश दी कि आवारा पशुओं से संबंधित कार्रवाई नगर निगम प्रशासन के स्तर पर की जाती है। पुलिस ने लोगों को संबंधित विभाग के माध्यम से समस्या के निराकरण की प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी।
कांजी हाउस पहुंचाया गया बैल
पुलिस की समझाइश के बाद वार्डवासियों ने बैल को कांजी हाउस पहुंचा दिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल इस मामले में नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आवारा मवेशियों के कारण शहर में लगातार लोगों को होने वाली परेशानी ने एक बार फिर नगर निकाय की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाओं और पशुओं के हमलों से बचाव के लिए आवारा मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button