Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

ऑपरेशन आघात: 6 किलो 165 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Operation Trauma: Two accused arrested with 6 kg 165 grams of ganja

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार 

जशपुर। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम कोटिया के बालेश्वर चौक के पास से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 किलो 165 ग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों आरोपी कथित तौर पर गांजे को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में बस का इंतजार कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालेश्वर चौक के पास दो व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और नारायणपुर पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया।

पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर दो संदिग्धों को बोरी के साथ देखा और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान दिलीप यादव (44) और बसंत राम उर्फ बबलू (32), दोनों निवासी ग्राम कोटिया, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर के रूप में हुई।

गवाहों की मौजूदगी में बोरी की तलाशी लेने पर उसके भीतर टेप से लिपटे छह पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में कुल 6 किलो 165 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ दोनों आरोपियों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे और मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये है।

गांजे के स्रोत और नेटवर्क की जांच

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारायणपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को गांजा कहां से मिला था और वे इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में थे। मामले में संभावित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस का प्रयास केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाकर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है।

कार्रवाई में नारायणपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, आरक्षक प्रदीप भगत, आरक्षक रणवीर तिग्गा, नगर सैनिक वीरेंद्र भगत और ओमप्रकाश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button