Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जनगणना कार्य में बाधा और शिक्षक से मारपीट का फरार आरोपी गिरफ्तार

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

पत्थलगांव। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में बाधा डालने और जनगणना प्रगणक शिक्षक के साथ मारपीट करने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर (26) निवासी रामभाटा, संजय मैदान, हरदिया गली, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Advertisements
Advertisements

पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को शिक्षक सतीश कुमार सक्सेना जनगणना प्रगणक के रूप में ग्राम सुरेशपुर में ड्यूटी पर गए थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रोककर फर्जी व्यक्ति होने का आरोप लगाया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि युवक ने शिक्षक का पहचान पत्र भी छीनकर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के कारण शासकीय जनगणना कार्य प्रभावित हुआ।

शिक्षक की शिकायत पर पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों के बयान लिए और तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच में शुभम कुजूर की घटना में संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के दिन ग्राम सुरेशपुर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचा था।

घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी टीम की सहायता से पुलिस को आरोपी के रायगढ़ स्थित घर में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पत्थलगांव पुलिस और तकनीकी टीम ने रायगढ़ पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्रवाई कराई, जिसमें शिकायतकर्ता शिक्षक ने हिरासत में लिए गए शुभम कुजूर की पहचान घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक अनुज एक्का, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक आकाश कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button