Advertisement Carousel
Blog

सैनिक भाइयों के नाम भेजा रक्षा सूत्र, सक्ती पहुंची सेना की आर्मी वैन

Advertisements

सैनिक भाइयों के नाम भेजा रक्षा सूत्र, सक्ती पहुंची सेना की आर्मी वैन

Advertisements


सक्ती। देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिपाही–रक्षा सूत्र 0.4’ एवं ‘एक रक्षा सूत्र जवानों के नाम’ अभियान के तहत मंगलवार को भारतीय सेना की आर्मी वैन सक्ती पहुंची। कचहरी चौक में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्काउट-गाइड एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने जवानों का आत्मीय स्वागत किया।

Advertisements


भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष धनेश्वरी साहू के नेतृत्व में महिलाओं एवं छात्राओं ने सेना के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही जिले की माताओं, बहनों एवं बच्चों द्वारा सैनिक भाइयों के लिए तैयार की गई राखियां और रक्षा सूत्र भी सेना के जवानों को सौंपे गए।
रक्षा सूत्रों के जरिए जवानों तक पहुंचा स्नेह
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों और विद्यालयों से एकत्रित राखियों एवं रक्षा सूत्रों को सेना की ओर से सक्ती पहुंचे भाई गजेंद्र सिंह को ससम्मान सौंपा गया। इन रक्षा सूत्रों के माध्यम से जिलेवासियों ने देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में तैनात सैनिकों तक अपना प्रेम, सम्मान और आशीर्वाद पहुंचाया।
चार वर्षों से जारी है अभियान
अभियान के संयोजक एवं पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिपाही–रक्षा सूत्र’ अभियान पिछले चार वर्षों से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश की जनता और सीमाओं पर तैनात सैनिकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना तथा जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। बस्तर-दंतेवाड़ा क्षेत्र से शुरू हुआ यह अभियान अब प्रदेशभर में जनसमर्थन हासिल कर रहा है।


उन्होंने कहा कि सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर देश की बहनों द्वारा भेजी गई राखियां उनके लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण हैं और यह संदेश देती हैं कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
भाजपा पदाधिकारियों ने किया जवानों का सम्मान
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी चंद्रा, जिला उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा राठौर, जिला महामंत्री शीला डनसेना, जिला पंचायत सदस्य आशा साव, कीर्तन चंद्रा, सोनू जायसवाल, पिंटू अग्रवाल सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, मारवाड़ी महिला मंच की सदस्याएं, स्काउट-गाइड, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ‘एक रक्षा सूत्र—जवानों के नाम’ अभियान सैनिक भाइयों के प्रति देश की माताओं, बहनों और बच्चों के स्नेह, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की रक्षा में तैनात वीर जवानों के सुरक्षित एवं सफल दायित्व निर्वहन की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button