Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

ऑपरेशन आघात में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रयागराज से दो फरार आरोपी गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

जशपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को जशपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Advertisements

मामला 12 मई 2026 का है। दोकड़ा चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में कच्चे आम के बीच बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए बहाल जोर के पास वाहन को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पिकअप की ट्रॉली में प्लास्टिक कैरेट में कच्चे आम भरे मिले। आम हटाने पर नीचे खाकी रंग की टेप से लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा जब्त किया गया। इसके साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई थी।

इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक जब्ती की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये थी। इसमें गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये, पिकअप की कीमत करीब 10 लाख रुपये, मोबाइल फोन और नकद राशि शामिल थी।

मामले में पिकअप चालक प्रेमनाथ सिंह, निवासी बगीचा क्षेत्र, को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। जांच के दौरान पुलिस ने तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की, जिनमें प्रयागराज निवासी शारदा केसरवानी (19) और मनीष पासी (28) भी शामिल बताए गए। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

जशपुर पुलिस की टीम ने लगातार पतासाजी और तकनीकी जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों के प्रयागराज क्षेत्र में होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद विशेष टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर जशपुर लाया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में एंड-टू-एंड विवेचना जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में दोकड़ा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक इग्नेशियूस तथा आरक्षक सुरेंद्र यादव और जयप्रताप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि मामले में फरार आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जांच अभी जारी है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button