Advertisement Carousel
Blog

मोबाइल को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर पत्नी की ली जान।

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

धरमजयगढ़ में पत्नी की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार
धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया है।

Advertisements


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में धरमजयगढ़ पुलिस ने इस हत्याकांड की त्वरित जांच कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर की झाड़ियों में प्लास्टिक की बोरी से ढका 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का शव मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतका अपने पति मोहब्बत चौहान के साथ पिछले एक वर्ष से वहीं रहकर काम करती थी। दोनों शराब के आदी थे और आरोपी अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।


जांच के दौरान गवाहों ने बताया कि 12 जुलाई की रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था और देर रात तक मारपीट की आवाजें सुनाई दी थीं। अगले दिन झाड़ियों में बोरी से ढका शव मिलने पर मृतका के पुत्र ने उसकी पहचान अपनी मां के रूप में की। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मृतका के शरीर, हाथ-पैर और सिर पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट लगने तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मृत्यु होना बताया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पूछताछ में आरोपी मोहब्बत चौहान ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के यहां गिरवी रख दिया था। इसी बात को लेकर हुए विवाद में उसने गुस्से में लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी जब्त कर लिया।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोंगरे सहित धरमजयगढ़ थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “घरेलू हिंसा या पारिवारिक विवाद के नाम पर किसी भी प्रकार की हिंसक वारदात को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वाले आरोपियों के विरुद्ध त्वरित जांच कर उन्हें कानून के समक्ष लाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button