Advertisement Carousel
Blog

पुलिस डॉग ‘रूबी’ और घटनास्थल से मिले गमछे ने पहुंचाया आरोपी तक

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

लैलूंगा पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल, दोस्त ही निकला हत्यारा


रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले अहम सुरागों और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से पुलिस ने मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने आपसी रंजिश के चलते घरेलू शील पत्थर से सिर और गर्दन पर वार कर युवक की हत्या करना स्वीकार किया है।

Advertisements


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात ग्राम भकुर्रा निवासी रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23 वर्ष) का शव उसके घर की परछी में मिला था। शव के पास भारी शील पत्थर पड़ा हुआ था, जिससे सिर और गर्दन पर गंभीर वार किए गए थे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए, जिनमें आरोपी का एक गमछा भी बरामद हुआ।
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड की सहायता ली गई। पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव की ओर स्पष्ट संकेत दिए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और मृतक साथ बैठकर खाना खा रहे थे तथा शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गुस्से में घर में रखे भारी शील पत्थर से रामनाथ उर्फ सोनू के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना के समय पहने गए कपड़े भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस ने भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष), निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में भी जेल जा चुका है।
हत्या के इस मामले के त्वरित खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी गिरधारी साव, लैलूंगा पुलिस टीम, पुलिस डॉग ‘रूबी’ तथा डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हत्या जैसे जघन्य अपराधों में त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button