Advertisement Carousel
Blog

जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 51 गुम मोबाइल खोजकर मालिकों को लौटाए, 7.50 लाख रुपये के फोन बरामद

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की खोज और वापसी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस सौंपे। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

Advertisements
Advertisements

पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल में दर्ज आवेदनों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। साइबर सेल जशपुर की तकनीकी टीम ने लगातार निगरानी और ट्रैकिंग कर विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए, जिन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन केवल संचार का साधन नहीं बल्कि व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी का महत्वपूर्ण स्रोत बन चुका है। मोबाइल गुम होने या गलत हाथों में पड़ने से निजी डेटा, बैंकिंग डिटेल्स और सोशल मीडिया खातों के दुरुपयोग का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी खोजबीन की जा सके।

इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों के पालन पर भी जोर देते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं कभी बताकर नहीं आतीं, इसलिए जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

इस अभियान में साइबर सेल जशपुर की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों के माध्यम से मोबाइल फोन खोजकर वापस दिलाने से कई लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी श्री भावेश कुमार समरथ, डीएसपी कुंजराम चौहान, निरीक्षक संत लाल आयाम, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जशपुर पुलिस ने कहा है कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button