Advertisement Carousel
Blog

सक्ती में योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, सांसद-कलेक्टर सहित सैकड़ों लोगों ने किया योग

Advertisements

योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन अपनाएं : सांसद कमलेश जांगड़े
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सक्ती में हुआ भव्य जिला स्तरीय आयोजन, सांसद, कलेक्टर, एसपी सहित सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई सामूहिक शपथ

Advertisements
Advertisements


सक्ती, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सक्ती स्थित सामुदायिक भवन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर सांसद, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से शांत और आत्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बन रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।


कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, स्वस्थ और प्रसन्न जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने “करो योग, रहो निरोग” का संदेश देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, मकरासन, मंडूकासन, सेतुबंधासन, सूर्य नमस्कार, कपालभाति, भ्रामरी एवं अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
जिले के सभी विकासखंडों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, एसडीएम सुश्री कावेरी मरकाम, जिला आयुष अधिकारी डॉ. जवाहर लाल बंजारे, उप संचालक समाज कल्याण श्री सुनील मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button