Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़धमतरी

नगरी में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, बछड़े को नोच-नोचकर मार डाला, लोगों में दहशत

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से धर्मेंद्र यादव

नगरी/धमतरी। नगरी क्षेत्र में लावारिस आवारा कुत्तों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला नगरी-धमतरी मुख्य मार्ग स्थित नहर नाली के पास जीनियस स्कूल जाने वाले रास्ते का सामने आया है, जहां एक बछड़े की क्षत-विक्षत लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

Advertisements
Advertisements

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात आवारा कुत्तों के झुंड ने एक बछड़े पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बछड़े को बुरी तरह नोच-नोचकर घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह जब लोग उस मार्ग से गुजर रहे थे, तब नहर नाली के अंदर बछड़े का शव बेहद दयनीय स्थिति में पड़ा मिला। घटना का दृश्य इतना भयावह था कि उसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह जीनियस स्कूल जाने का प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे बच्चे, महिलाएं और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को बढ़ा रही हैं।

Advertisements

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इस समस्या पर नियंत्रण के लिए अब तक कोई ठोस कदम उठते नजर नहीं आ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों के आतंक पर जल्द नियंत्रण किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button