Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ पुलिस का ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, गोवा से 6 बड़े सट्टा संचालक गिरफ्तार

ललिता बरेठ कि रिपोर्ट

Advertisements

मध्य भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस का प्रहार
गोवा में रेड कर छह बड़े सट्टा संचालक गिरफ्तार, करोड़ों के हवाला लेनदेन के मिले सुराग

Advertisements
Advertisements

रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य भारत में सक्रिय एक बड़े सट्टा सिंडिकेट का खुलासा किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवा में छापेमारी कर छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं तथा करोड़ों रुपये के हवाला लेनदेन और डिजिटल सट्टा नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 एवं 218/2026 के तहत पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान हवाला लेनदेन और खरसिया निवासी अमित मित्तल के नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले थे। इसके बाद साइबर थाना रायगढ़ और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया से जुड़े आरोपी हैदराबाद और मुंबई होते हुए गोवा में सक्रिय होकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे।


एसएसपी के निर्देशन में सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गोवा पहुंची। कैंडोलिम बीच क्षेत्र स्थित एक किराए के विला में छापेमारी के दौरान अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी कॉलिंग फोन, लैपटॉप और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे।
तीन तरीकों से संचालित होता था ऑनलाइन सट्टा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आईपीएल मैचों में तीन अलग-अलग तरीकों से सट्टा संचालित करते थे।
पहले तरीके में “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए रायपुर से मैच का भाव लेकर APK बेस्ड एप के माध्यम से नीचे एजेंटों और प्लेयर्स तक पहुंचाया जाता था।
दूसरे तरीके में “प्रगति टीवी” और “स्टार लाइव” जैसे APK ऐप का इस्तेमाल किया जाता था, जिसमें मैच लगभग सात सेकंड पहले प्रसारित होता था। इसी एडवांटेज का उपयोग कर सटोरिए भाव तय करते और नेटवर्क में आगे बढ़ाते थे।
तीसरे तरीके में “ऑल पैनल एक्सचेंज”, “ताज 777” और “डायमंड एक्सचेंज” जैसी ऑनलाइन बेटिंग आईडी उपलब्ध कराकर जुआ खिलाया जाता था।
“मन्नू नथानी” गैंग से जुड़े मिले तार
तकनीकी जांच और मोबाइल डाटा की पड़ताल में सामने आया कि आरोपी मध्य भारत के चर्चित “मन्नू नथानी” सट्टा नेटवर्क से जुड़े हुए थे। आरोपी ऊपर से बेटिंग आईडी लेकर अपने नीचे सक्रिय एजेंटों और प्लेयर्स को उपलब्ध कराते थे तथा प्रत्येक लेनदेन पर कमीशन प्राप्त करते थे। प्रारंभिक जांच में एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।
हवाला नेटवर्क का भी खुलासा
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी हवाला के जरिए रकम का लेनदेन करते थे। पुलिस को मोबाइल फोन में नोटों के सीरियल नंबर साझा कर रकम ट्रांसफर करने के प्रमाण मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी भी जब्त की जा चुकी है।
दुबई से आती थीं बेटिंग आईडी
जांच में यह भी पता चला है कि दुबई से महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर क्रिकेट बेटिंग आईडी महानगरों के खाईवालों तक पहुंचती थी, जहां से इन्हें नागपुर, रायपुर और अन्य शहरों के छोटे सट्टा संचालकों और प्लेयर्स तक कमीशन के आधार पर उपलब्ध कराया जाता था।


कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमित मित्तल पर रायगढ़ जिले के विभिन्न थानों में ऑनलाइन सट्टा के मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित सोमानी पर रायपुर के कई थानों में सट्टा संचालन के अपराध दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के रायगढ़, रायपुर, खरसिया और अन्य शहरों में फैले नेटवर्क की जांच कर रही है।
एसएसपी का बयान
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button