Advertisement Carousel
Blog

रायगढ़ में अपराध समीक्षा बैठक, एसएसपी बोले- सक्रिय निगरानी और त्वरित कार्रवाई ही प्रभावी पुलिसिंग का आधार अवैध शराब, जुआ-सट्टा और बाइक चोरी पर कड़ा प्रहार, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

मासिक क्राइम समीक्षा बैठक में एसएसपी सख्त, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निराकरण पर जोर

Advertisements


रायगढ़, जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने गंभीर अपराधों, लंबित प्रकरणों और हाल में दर्ज मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार सक्रिय निगरानी, त्वरित कार्रवाई और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करना है।


बाइक चोरी रोकने विशेष रणनीति
जिले में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एसएसपी ने पुराने वाहन चोरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, तकनीकी संसाधनों का उपयोग करने और अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर थाना एवं शहरी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाकर वाहन चोरी पर अंकुश लगाने को कहा गया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर फोकस
एसएसपी ने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत अन्य जिलों एवं राज्यों में टीम भेजकर अधिक से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महिला अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने महिला थाना की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर समय-सीमा के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई
बैठक में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि माइनर एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई और बदमाशों की सतत निगरानी से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध नशे के कारोबार पर लगातार प्रहार जारी रखने को कहा गया।


प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने प्रशिक्षणरत उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रत्येक पुलिस कार्रवाई में सक्रिय भागीदारी निभाने, व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने और सीखने की ललक के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। बैठक के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने प्रशिक्षु अधिकारियों की अलग से बैठक लेकर प्रशिक्षण की समीक्षा की।
निरीक्षण की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश
बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने आगामी रेंज स्तरीय निरीक्षण को लेकर सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने, अभिलेख अद्यतन रखने तथा कार्यस्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रायगढ़ पुलिस की इस समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button