Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

District administration busy in preparations for Seva Sankalp Abhiyan

Ad
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने 13 गतिविधियों के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित कर अधिकारियों को दिए आवश्यक तैयारियों के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़,जिले में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर अभियान की विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित करते हुए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Advertisements
कलेक्टर द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार अभियान के जिला स्तरीय समन्वय के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी को जिला प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है तथा सहयोग एवं समन्वय के लिए अन्य विभागों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की संध्या “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन के आयोजन की तैयारियों की जिम्मेदारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को दी गई है। वहीं विद्यालय स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” का आयोजन 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक किया जाएगा।
इसी प्रकार अभियान के दौरान “नमो सेवा गाथा” के अंतर्गत नुक्कड़ नाट्य कार्यक्रम, “आंगन का उत्सव” के माध्यम से आंगनबाड़ी स्तर पर विभिन्न आयोजन तथा “कहानी बदलाव की” के अंतर्गत योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों को सामने लाने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए संस्कृति विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनसंपर्क विभाग सहित संबंधित सहयोगी विभागों को दायित्व सौंपा गया है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत संकल्प यात्रा” के माध्यम से परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण, “सेवा ज्योति यात्रा”, “जल जन सेवा संकल्प” तथा “सेवा-मेरा योगदान” जैसी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वच्छता सहित 25 सेवा गतिविधियों को अभियान से जोड़ा गया है।
अभियान की अवधि में “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजित कर आम नागरिकों तक शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा 17 अक्टूबर को “जनसंपर्क महाकुंभ-त्योहार से परिवर्तन (जनप्रतिनिधियों की सहभागिता)” जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान की प्रत्येक गतिविधि में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और हितग्राहियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के व्यापक अभियान के रूप में सफल बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही सेवा, सहभागिता और विकास के संकल्प को जिले के गांवों और नगरीय क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button