Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़धमतरी

अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से धर्मेंद्र यादव

मगरलोड। ग्राम चन्द्रसुर में आयोजित छठठी कार्यक्रम के दौरान युवती पर कथित अश्लील टिप्पणी किए जाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए सर्जिकल ब्लेड से युवक की पीठ पर हमला कर दिया। घटना की शिकायत के बाद मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार सर्जिकल ब्लेड भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को रायपुर के खमतराई निवासी पप्पू साहू अपने परिवार के साथ ग्राम चन्द्रसुर में अपने भांजा-दामाद मुरली साहू के घर आयोजित छठठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान शाम करीब 7:30 बजे घर के पास गली में परसदा निवासी डोमेश्वर साहू द्वारा प्रार्थी की भांजी पर कथित रूप से अश्लील टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई।

Advertisements
Advertisements

पप्पू साहू ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने जेब से सर्जिकल ब्लेड निकालकर युवक की पीठ में बाएं कंधे के नीचे वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 165/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) और 118(1) के तहत मामला जांच में लिया गया।

पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी डोमेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में इस्तेमाल ब्लेड को ग्राम चन्द्रसुर स्थित स्वागत गेट के पास छिपाकर रखने की जानकारी दी।

आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसकी निशानदेही से एक धारदार सर्जिकल ब्लेड और उसका प्लास्टिक कवर बरामद कर जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

डोमेश्वर साहू, पिता गोवर्धन साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी परसदा (भाठापारा, वार्ड नंबर 11), थाना राजिम, जिला गरियाबंद।

जब्ती

घटना में इस्तेमाल एक धारदार सर्जिकल (ऑपरेशन) ब्लेड मय प्लास्टिक कवर।

पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अश्लीलता, गाली-गलौज, मारपीट तथा सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button