Advertisement Carousel
Blog

सीसी रोड बनी, लेकिन मौत के गड्ढे छोड़ गया निर्माण कार्य

Advertisements

सीसी रोड बनी, लेकिन मौत के गड्ढे छोड़ गया निर्माण कार्य

नवागढ़ वार्ड क्रमांक 13 में अधूरी नाली बनी हादसों की वजह, गहरे गड्ढे में गिरा मवेशी; लोगों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

Advertisements

नवागढ़। नगर पंचायत नवागढ़ के वार्ड क्रमांक 13 में विकास कार्यों की गुणवत्ता और अधूरे निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लालबंद से तोरा मार्ग तक मार्च-अप्रैल माह में सीसी रोड का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन सड़क के दोनों ओर प्रस्तावित नालियों का निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से गहरे गड्ढे अब आम नागरिकों और मवेशियों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं।

Advertisements


जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान नाली निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से दोनों किनारों पर गहरे गड्ढे खोदे गए थे। निर्माण कार्य पूरा होने के कई महीने बाद भी न तो नालियों का निर्माण पूरा किया गया और न ही गड्ढों को भरा गया। परिणामस्वरूप वार्डवासी आज भी अपने घरों तक पहुंचने के लिए अस्थायी पुल और जुगाड़ का सहारा लेने को मजबूर हैं।
यह मार्ग केवल वार्ड क्रमांक 13 तक सीमित नहीं है, बल्कि नवागढ़, तोरा, बरबसपुर, टुरा, सिमरिया और अंधियारखोर सहित कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस सड़क से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग, किसान तथा दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क किनारे बने खुले गड्ढे किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।


इसी आशंका के बीच बुधवार को एक मवेशी सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में गिर गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उसकी जगह कोई बच्चा, बुजुर्ग या राहगीर होता, तो गंभीर जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।
वार्डवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का कहना है कि अधूरी नालियों का निर्माण जल्द पूरा कर गड्ढों को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें नगर पंचायत और जिम्मेदार अधिकारियों पर टिकी हैं। देखना होगा कि प्रशासन समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान करता है या फिर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही व्यवस्था जागती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button