Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, बहू समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

जशपुर। जशपुर जिले की दुलदुला पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या पारिवारिक विवाद के चलते सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

Advertisements

पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर में 70 वर्षीय चुगरू प्रधान अपने घर में मृत पाए गए। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण उसने अपने तीन परिचितों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

जांच में खुलासा हुआ कि 3 और 4 जुलाई की मध्यरात्रि आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया, फिर हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुगंती बेसरा (36 वर्ष), साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष), आनंद यादव (20 वर्ष) और रोहित सिंह (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी तथा थाना दुलदुला पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम की संयुक्त कार्रवाई से यह अंधा हत्याकांड केवल 24 घंटे में सुलझाया जा सका।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और हर गंभीर अपराध का वैज्ञानिक एवं त्वरित तरीके से खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button