Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

वर्षाकाल में 85 परिवारों को बेघर करने के विरोध में कांग्रेस ने जिलेभर में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

जशपुर। ग्राम नकटी में राज्य सरकार द्वारा 85 परिवारों के मकानों को तोड़े जाने के विरोध में एवं प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जशपुर सहित कुनकुरी, कांसाबेल, फरसाबहार, दुलदुला और कोतबा सहित जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया।

Advertisements
Advertisements

पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष यू. डी. मिंज ने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्षाकाल में गरीब परिवारों को बेघर कर अमानवीय कार्य किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय ग्राम नकटी में विधायकों या सांसदों के लिए कॉलोनी बनाने की कोई योजना नहीं थी। उस समय गृह निर्माण मंडल द्वारा केवल कुछ श्रेणी के शासकीय कर्मचारियों के लिए सामान्य आवास योजना हेतु 15.47 हेक्टेयर भूमि की मांग की गई थी, लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह जानकारी मिलने पर कि उक्त भूमि पर वर्षों से गरीब परिवार निवासरत हैं, प्रस्ताव को तत्काल निरस्त कर दिया था और स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी कीमत पर गरीबों को बेघर नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दिसंबर 2023 में भाजपा सरकार बनने के बाद योजना का स्वरूप बदल दिया गया। 25 सितंबर 2024 एवं 4 अक्टूबर 2024 के सरकारी पत्रों में पहली बार सांसदों एवं षष्ठम विधानसभा के विधायकों के लिए 29.172 हेक्टेयर (लगभग 72 एकड़) भूमि पर आवासीय कॉलोनी बनाने का प्रस्ताव सामने आया तथा वर्षों से निवासरत परिवारों को हटाकर भूमि गृह निर्माण मंडल को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
यू. डी. मिंज ने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि यदि योजना गरीबों और शासकीय कर्मचारियों के लिए थी तो इसे जनप्रतिनिधियों की कॉलोनी में क्यों बदला गया? 106 जनप्रतिनिधियों के लिए 72 एकड़ भूमि की आवश्यकता क्यों पड़ी? क्या गरीबों के सिर से छत छीनकर सत्ता के लिए आलीशान कॉलोनी बनाना ही भाजपा का सुशासन है? उन्होंने सरकार से पूरी प्रक्रिया और भूमि आवंटन पर सार्वजनिक जवाब देने की मांग की।

कुनकुरी में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सागर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों का दर्द नहीं समझती क्योंकि यह बड़े उद्योगपतियों की सरकार बनकर काम कर रही है।

कांसाबेल में पूर्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि वर्षाकाल में गरीबों का आशियाना उजाड़ना सरकार की गरीब, किसान और मजदूर विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

जशपुर में पूर्व विधायक विनय भगत ने कहा कि किसी परिवार का आशियाना उजाड़ने से बड़ा अन्याय नहीं हो सकता। भाजपा सरकार में संवेदनशीलता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।


विरोध-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button