Advertisement Carousel
सारंगढ़ - बिलाईगढ़छत्तीसगढ़सारंगढ़

सारंगढ़ में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, कॉम्बिंग गश्त में 61 वारंटी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। 27 जून 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 50 फरार स्थायी वारंटी और 11 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।

Advertisements

पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त की। अभियान शुरू होने से पहले सभी पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिसके बाद टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना किया गया।

सारंगढ़ क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी ने स्वयं कमान संभालते हुए कमलानगर, फुलझरिया पारा, पठार पारा, चौहान पारा, कुशल नगर सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

रात्रि 12 बजे से शुरू हुए अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, ढाबों, एटीएम और सार्वजनिक स्थानों की जांच की। बिना कारण देर रात घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध वाहनों की भी गहन जांच की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों और निगरानी बदमाशों की भी जांच की तथा उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button