Advertisement Carousel
Blog

नकली शराब सिंडिकेट पर पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी विनय ठाकुर के घर चस्पा हुआ नोटिस

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

नकली शराब सिंडिकेट पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा और कसा
फरार मुख्य आरोपी विनय ठाकुर के घर पुलिस की दबिश, तीन दिन में थाने में पेश होने का नोटिस चस्पा

Advertisements


रायगढ़। जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत रायगढ़ पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को बड़ी दबिश दी। पुलिस टीम आरोपी के विकास नगर स्थित निवास पहुंची, जहां उसके घर पर विधिसम्मत नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।


गौरतलब है कि 8 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी होलोग्राम, नकली लेबल, शराब के ढक्कन और पैकेजिंग सामग्री समेत बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया था। मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस पूछताछ में दुष्यंत पटेल ने अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार संचालित करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद 10 जून को पुलिस ने फरार आरोपी सुभाष पटेल को भी उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करते थे और उसमें स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाते थे। शराब का रंग फीका पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। बाद में नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री कराई जाती थी।


फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की तलाश में बुधवार को पुलिस टीम उसके विकास नगर स्थित निवास पहुंची, लेकिन मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने मकान के प्रवेश द्वारों पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिन के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना कोतरारोड़ पुलिस को आरोपी की चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत विवरण तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नकली शराब का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा गंभीर अपराध है। ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सभी वैधानिक उपाय कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनकी संपत्तियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button