Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 1 करोड़ से अधिक नकदी जब्त

CG NEWS: रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े हवाला नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, 4 मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

Advertisements
Advertisements

पुलिस के अनुसार यह मामला केवल ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके जरिए करोड़ों रुपये की ब्लैक मनी को हवाला नेटवर्क के माध्यम से व्हाइट किया जा रहा था। पूरे मामले की मॉनिटरिंग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं कर रहे हैं।

26 अप्रैल की कार्रवाई से खुला पूरा नेटवर्क

जानकारी के मुताबिक 26 अप्रैल को साइबर सेल, थाना कोतवाली और थाना घरघोड़ा की संयुक्त टीम ने रायगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर एक साथ दबिश दी थी। उस दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई थी।

Advertisements

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रायगढ़ के खाईवाल करन चौधरी और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के नाम उजागर किए। इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल इनपुट, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और फाइनेंशियल ट्रेल के आधार पर पूरे सिंडिकेट की जांच शुरू की।

हवाला नेटवर्क से ब्लैक मनी को किया जा रहा था व्हाइट

जांच में सामने आया कि आरोपी करन चौधरी रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैले नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। सट्टे से प्राप्त रकम को पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य व्यावसायिक चैनलों के माध्यम से कैश डंप कर हवाला के जरिए ट्रांसफर किया जाता था।

पुलिस को जांच में पता चला कि कृष्ण प्राइड टावर में रहने वाले पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल इस मनी मूवमेंट नेटवर्क के अहम सदस्य थे। दोनों पर सट्टे से प्राप्त ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट करने का आरोप है।

फ्लैट में छापेमारी, करोड़ों की नकदी बरामद

पुलिस ने करन चौधरी से मिली जानकारी के आधार पर कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में छापा मारा। यहां से सुनील अग्रवाल के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

वहीं पुष्कर अग्रवाल के कब्जे से 52 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इससे पहले करन चौधरी के कब्जे से भी नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके थे।

इलेक्ट्रॉनिक डाटा, यूपीआई ट्रांजेक्शन, चैट रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों के विश्लेषण से पुलिस को संगठित आर्थिक अपराध के अहम साक्ष्य मिले हैं।

कर्मचारियों और परिचितों के खातों का इस्तेमाल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने निजी बैंक खातों का उपयोग करने के बजाय कर्मचारियों, परिचितों और सहयोगियों के बैंक खातों व मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके।

करन चौधरी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार करन चौधरी के खिलाफ पूर्व में थाना कोतवाली और चक्रधरनगर में जुआ-सट्टा के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ मारपीट, रंगदारी, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों के प्रकरण भी दर्ज बताए गए हैं।

लगातार आपराधिक गतिविधियों और संगठित नेटवर्क संचालन के साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है।

फरार आरोपी गुड्डा सरदार की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार इस पूरे सिंडिकेट की अहम कड़ी है। बताया जा रहा है कि वह करन चौधरी के साथ मिलकर सक्ती, खरसिया, रायगढ़ और रायपुर में ऑनलाइन जुआ नेटवर्क संचालित करता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1. करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल, निवासी श्याम नगर ढिमरापुर चौक रायगढ़

2. पुष्कर अग्रवाल, निवासी फ्लैट नंबर 505 कृष्ण प्राइड टावर रायगढ़

3. सुनील कुमार अग्रवाल, निवासी फ्लैट नंबर 505 कृष्ण प्राइड टावर रायगढ़

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। आर्थिक अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button