Advertisement Carousel
मध्यप्रदेशमैहर

ऑपरेशन प्रहार 2.0: मैहर पुलिस का बड़ा एक्शन, 21 किलो गांजा समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से विकास सोनी

मध्यप्रदेश के मैहर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत मैहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 किलो से अधिक गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर तथा नगर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में थाना कोतवाली मैहर पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मई 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक अनिमेष द्विवेदी एवं उनकी टीम द्वारा सरलानगर बेल्ट लाइन के पहले बाउली के पास एक सुनसान स्थान पर संदिग्ध अवस्था में खड़ी ग्रे रंग की ऑल्टो कार क्रमांक UP 32DE 0654 की जांच की गई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से कुल 21.243 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 12 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए गांजा और लगभग 2 लाख रुपये कीमत की ऑल्टो कार को जब्त कर लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान अनिल द्विवेदी निवासी रामपुर थाना सरधुआं जिला चित्रकूट उत्तर प्रदेश तथा विष्णुकांत पांडे निवासी मछरिहा पांडे टोला पुरवा थाना कर्वी कोतवाली जिला चित्रकूट उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8, 20 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मैहर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button