Advertisement Carousel
Blog

शासकीय राशि गबन मामले में फरार शिक्षा विभाग कर्मचारी गिरफ्तार

Ad

Advertisements

शासकीय राशि गबन मामले में फरार शिक्षा विभाग कर्मचारी गिरफ्तार
बिलासपुर (कोटा)।
शासकीय राशि के गबन के मामले में कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लगभग 29.62 लाख रुपये की शासकीय राशि गबन करने का आरोप है।
लंबे समय से था फरार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र कुमार पालके (38 वर्ष), निवासी धरमपुरा वार्ड क्रमांक 14, करगी रोड कोटा के रूप में हुई है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
वेतन में हेराफेरी कर किया गबन
प्रकरण के अनुसार, आरोपी ने सह-आरोपी नवल सिंह पैकरा (लेखपाल/सहायक ग्रेड-02) के साथ मिलकर शासकीय पद पर रहते हुए वेतन में कूट रचना कर राशि आहरित की।
सितंबर 2024 से फरवरी 2025 तक 25,04,422 रुपये तथा मार्च 2025 से नवंबर 2025 तक 4,57,800 रुपये, इस प्रकार कुल 29,62,222 रुपये की राशि का गबन किया गया।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में प्रार्थी नरेंद्र प्रसाद मिश्रा की रिपोर्ट पर थाना कोटा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
साइबर सेल की मदद से पकड़ाया आरोपी
फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। साथ ही साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर आरोपी की जानकारी जुटाई गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेंद्र कुमार पालके को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
एक आरोपी अब भी फरार
मामले में सह-आरोपी नवल सिंह पैकरा अब भी फरार है, जिसकी पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button