Advertisement Carousel
उत्तर प्रदेश

नदी किनारे चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से अफजल अली

लखीमपुर खीरी। जनपद में अपराध और अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट व सर्विलांस टीम तथा थाना खमरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नदी किनारे संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित तमंचे और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में 11 अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने थाना खमरिया क्षेत्र के ग्राम लुधौनी से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे छप्पर डालकर चल रही फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों जमील उर्फ भुर्जी (निवासी भदमरा, थाना रेउसा, सीतापुर) और रोज अली (निवासी गंगान, थाना ईसानगर, खीरी) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सुनसान इलाकों और नदी किनारों पर स्थान बदल-बदलकर अवैध असलहों का निर्माण करते थे। पुलिस ने मौके से 9 तैयार देशी तमंचे (315 व 12 बोर), 4 अर्धनिर्मित तमंचा बॉडी, 11 लोहे की नाल, जिंदा व खोखा कारतूस समेत बड़ी संख्या में ट्रिगर, स्प्रिंग, फायरिंग पिन आदि बरामद किए हैं। इसके अलावा बरमा मशीन, शिकंजा, रेती, हथौड़ी, छेनी, आरी, वेल्डिंग सामग्री सहित तमंचा बनाने के कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त जमील उर्फ भुर्जी के खिलाफ सीतापुर जिले में आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रोज अली पर गौकशी, दहेज हत्या और अवैध शस्त्र निर्माण जैसे गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में थाना खमरिया पर आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शस्त्र कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button