Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

कुनकुरी में सूने मकान में चोरी का खुलासा, चोर और खरीदार गिरफ्तार

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का जशपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल किया गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला कुनकुरी के रेमते रोड मोहल्ले का है। प्रार्थी राकेश कुमार साव (38) ने 9 मार्च 2026 को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बड़े पिताजी रामविलास प्रसाद के घर में चोरी हो गई है। बताया गया कि घर के मालिक अपनी पत्नी के इलाज के लिए करीब छह माह से रांची में रह रहे थे। इसी दौरान मकान की देखरेख की जिम्मेदारी प्रार्थी को दी गई थी।
प्रार्थी जब 9 मार्च को रांची से वापस लौटा तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर अलमारी खुली हुई है। घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पता चला कि अलमारी में रखे सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल, पांच नग चांदी की साठी और करीब डेढ़ हजार रुपए नगद चोरी हो गए हैं।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना कुनकुरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(क) और 317(2) के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों से पूछताछ की।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तुरी बस्ती निवासी साहिल चौहान उर्फ मंटू (22) अचानक से अधिक पैसे खर्च कर रहा है। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने ही रामविलास प्रसाद के घर में चोरी की थी और चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बजरंग नगर निवासी दिवाकर ताम्रकार (28) को 20 हजार रुपए में बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने दिवाकर ताम्रकार को भी हिरासत में लेकर उसके पास से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मकान और अलमारी का ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर वारले, प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, नंदलाल यादव और लियोन कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements
Ad जय मेडिकल स्टोर स्थान: भारत माता चौक बिलासपुर रोड सारंगढ़
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button