```html ```

सारंगढ़: देर रात आए आंधी-तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पेड़ और बिजली के खंभे गिरे, कई इलाकों में बिजली बाधित

शुक्रवार देर रात सरसीवा और आसपास के क्षेत्रों में अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। तेज़ हवाओं के चलते सड़कों पर बड़े-बड़े पेड़ धराशायी हो गए, वहीं बिजली के खंभे टूटकर गिर पड़े, जिससे कई इलाकों में रातभर बिजली आपूर्ति ठप रही।


सरसीवा से लेकर सारंगढ़-बिलासपुर मार्ग तक कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। राहगीरों और वाहन चालकों को रास्ते में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासी रमेश उरांव ने बताया कि रातभर बिजली नहीं थी, जिससे आम लोगों को गर्मी और अंधेरे की दोहरी मार झेलनी पड़ी। वहीं, बिजली विभाग और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंचकर बाधित लाइनों की मरम्मत और सड़क से मलबा हटाने में लगी हुई है।


मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी तेज़ हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है, ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *