Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

श्री फलेश्वर नाथ मंदिर बगिया में 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग का होगा पूजन

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

निकाली गई भव्य कलश यात्रा, कल से शुरू होगा धार्मिक अनुष्ठान, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय हुईं शामिल

Advertisements
Advertisements

जशपुरनगर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर बगिया स्थित मैनी नदी तट के प्रसिद्ध श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग पूजन के तीन दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में हुआ। रविवार की शाम 5 बजे मैनी नदी तट से श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं।कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं शिव भक्त शामिल हुए। भक्तिमय जयघोष और धार्मिक उत्साह के बीच कलश यात्रा मैनी नदी से प्रारंभ होकर श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया।

Advertisements

17 से 19 अगस्त तक होगा विशेष पूजन

श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक का विशेष आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ की आराधना, अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

17 अगस्त को पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक के साथ आरती और प्रसाद वितरण होगा। 18 अगस्त को भी पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक के बाद आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं 19 अगस्त को आयोजन के अंतिम दिन विशेष पूजन के साथ पूर्णाहुति संपन्न होगी।

श्रीमती साय ने सपरिवार शामिल होने की अपील की

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने क्षेत्रवासियों एवं शिव भक्तों से इस पावन धार्मिक आयोजन में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पवित्र अवसर है। श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में आयोजित इस विशाल पार्थिव शिवलिंग पूजन में सभी श्रद्धालु सपरिवार शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करने तथा धार्मिक आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य के भागी बनने का आह्वान किया।

भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

भव्य कलश यात्रा के साथ ही श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय हो गया। मैनी नदी तट से मंदिर तक निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण बना दिया। 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंगों के पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

आयोजन समिति ने सभी शिव भक्तों से 17, 18 एवं 19 अगस्त को सपरिवार श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बगिया पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की आराधना में सहभागी बनने का आग्रह किया है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।श्रावण मास में आयोजित यह विशाल धार्मिक अनुष्ठान क्षेत्र में आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दे रहा है। भगवान भोलेनाथ की आराधना के माध्यम से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button