Advertisement Carousel
Blog

नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की नई पहल, महिला समूहों को बनाया अभियान की ताकत‘

Advertisements

नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की नई पहल, महिला समूहों को बनाया अभियान की ताकत
‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बिलासपुर गांव में चौपाल, थाना प्रभारी ने महिलाओं के बीच जमीन पर बैठकर किया संवाद

Advertisements


रायगढ़, नशे और अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ अब कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान का रूप ले रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की पहल पर पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों, विशेषकर महिला समूहों को नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ा जा रहा है।
इसी क्रम में भूपदेवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने ग्राम बिलासपुर में महिला समूहों के साथ चौपाल लगाकर नशे के दुष्परिणामों और अवैध शराब के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। खास बात यह रही कि थाना प्रभारी औपचारिक दूरी बनाए रखने के बजाय महिलाओं के बीच जमीन पर बैठकर सहज तरीके से संवाद करते नजर आए।

Advertisements


चौपाल में थाना प्रभारी ने महिलाओं से गांव में नशे और अवैध शराब से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल नशा करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। शराब की लत से घरेलू विवाद, हिंसा और आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसके अलावा नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
महिलाओं से अवैध शराब के खिलाफ आगे आने की अपील
थाना प्रभारी ने महिलाओं से अपील की कि गांव में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या तस्करी होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे परिवार और सामाजिक परिस्थितियों को करीब से समझती हैं।
पुलिस ने महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित ‘हेलो सिस्टर’ हेल्पलाइन नंबर 94792-70533 की जानकारी भी दी। साथ ही ग्रामीणों को गांव में आने वाले संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।


महिला समूहों ने लिया संकल्प
चौपाल के दौरान महिला समूहों ने नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया। महिलाओं ने कहा कि वे गांव में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएंगी।
कार्रवाई के साथ जनभागीदारी पर जोर
रायगढ़ पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन आघात’ का उद्देश्य केवल अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों को अभियान से जोड़कर नशे के खिलाफ मजबूत सामाजिक तंत्र तैयार करना भी है। इसी उद्देश्य से पुलिस अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों और महिला समूहों के साथ संवाद कर रहे हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, वहीं स्थायी बदलाव के लिए गांवों और परिवारों को भी इस अभियान से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की जागरूकता और सहभागिता नशे के खिलाफ पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button