Advertisement Carousel
Blog

ट्रांसफार्मर पार्ट्स और केबल चोरी करने वाली गैंग गिरफ्तार, ₹3 लाख का मशरूका बरामद

Advertisements

SECL धरमखदान में ट्रांसफार्मर पार्ट्स व केबल चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
छाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ₹3 लाख का मशरूका बरामद; चोरी के सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें जब्त
रायगढ़, 8 अगस्त 2026। रायगढ़ जिले की छाल पुलिस ने SECL धरमखदान में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1.20 लाख का चोरी का सामान तथा वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलों समेत कुल करीब ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया है।

Advertisements
Advertisements


पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की रात करीब 8 से 11 बजे के बीच धरमखदान में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, ट्रांसफार्मर केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। इस दौरान ट्रांसफार्मर को भी क्षतिग्रस्त किया गया। मामले में सुरक्षा प्रहरी दिलीप कुमार राठिया की रिपोर्ट पर थाना छाल में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान ने तत्काल पुलिस टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल और अन्य लोहे का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने धरमखदान से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सामान को आपस में बांटकर चंद्रशेखरपुर (एडू) स्थित धरमखदान डम्पिंग यार्ड के पीछे मॉड नदी के किनारे छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से चोरी का सामान बरामद किया।


तीन मोटरसाइकिल सहित चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर केबल वायर, ट्रांसफार्मर पार्ट्स एवं एंगल, लोहे के पाइप, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी तथा वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इसके अलावा एक आरीपत्ती ब्लेड भी बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक बरामद चोरी के सामान की कीमत करीब ₹1.20 लाख, जबकि घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलों की कीमत करीब ₹1.80 लाख है। इस तरह कुल करीब ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया गया।

आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक पात्रो (42), शनिचराम अरमु (22), भारत सिंह मरकाम (42), टुपाल सिंह मरावी (30), रूपभवन सिंह उइके (28) और छतन धनवार (28) शामिल हैं। सभी आरोपी कोरबा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण में पुलिस ने संगठित अपराध संबंधी धाराएं 112(2) एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभु प्रसाद पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्रिय, अशोक देवांगन तथा आरक्षक राजेश राठौर, सुरेन्द्र बंशी और भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी, संपत्ति संबंधी अपराध और संगठित अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित पतासाजी, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस टीमों को दिए गए हैं। औद्योगिक संस्थानों और आमजन की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button