Advertisement Carousel
Blog

कर्रा नाला जलाशय में दरार से बढ़ा खतरा, कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा

Advertisements

कर्रा नाला जलाशय में दरार से बढ़ा खतरा, कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा
125 लोगों को राहत शिविर में पहुंचाया गया, युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत कार्य
जांजगीर-चांपा, जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमीसोनार स्थित कर्रा नाला जलाशय के गेट में दरार आने और बांध की मिट्टी कटने से प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीमों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। विभाग के अधिकारी और विशेषज्ञ लगातार मौके पर मौजूद रहकर जलाशय के गेट और बांध को सुरक्षित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
संभावित जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन ग्राम बड़ेअमेरी और कोटमीसोनार के भाटापारा क्षेत्र से लगभग 125 लोगों को सुरक्षित निकालकर कोटमीसोनार स्थित राहत शिविर में ठहराया है। शिविर में भोजन, पेयजल, ठहरने की व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कुटीघाट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां पानी भरने से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रभावित लोगों को भोजन, दवाइयां और अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं तथा मेडिकल टीम नियमित स्वास्थ्य जांच करती रहे।
जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर तैनात रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी पुल, पुलिया या तेज बहाव वाले नाले को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button