Advertisement Carousel
Blog

उतई पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब बेचते युवक को किया गिरफ्तार

Advertisements

अवैध शराब बेचते युवक को उतई पुलिस ने दबोचा, 30 पौवा देशी शराब जब्त
नशे के खिलाफ अभियान जारी, ग्राम उमरपोटी में रेड कार्रवाई कर आरोपी को किया गिरफ्तार

Advertisements


दुर्ग। जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उतई थाना पुलिस ने ग्राम उमरपोटी में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शोले शराब (5.4 बल्क लीटर) बरामद कर जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹3,000 बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Advertisements


पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 जुलाई को थाना उतई पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उमरपोटी स्थित गौठान के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास रखी प्लास्टिक की बोरी से 30 पौवा देशी प्लेन शोले शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हिमांशु दास मानिकपुरी (20 वर्ष) निवासी भाठापारा, ग्राम सेलूद, थाना उतई बताया। आरोपी का स्थायी पता ग्राम जंजगिरी, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अधिक आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब का संग्रहण कर उसकी बिक्री कर रहा था। इसके बाद थाना उतई में अपराध क्रमांक 348/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब, मादक पदार्थ या अन्य किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button