Advertisement Carousel
Blog

स्कूटी खराब होना पड़ा भारी, युवक का अपहरण कर ₹87 हजार से ज्यादा की लूट

Advertisements

अपहरण कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी और 4 अपचारी बालक गिरफ्तार
मारपीट कर मोबाइल, स्कूटी, नकदी और चांदी के आभूषण लूटे, डिजिटल पेमेंट से भी वसूले ₹18,180, कुल ₹87,180 की लूट का खुलासा

Advertisements
Advertisements


दुर्ग। सुपेला थाना पुलिस ने अपहरण कर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक और उसके साथी का अपहरण कर उनके साथ मारपीट की, मोबाइल, स्कूटी, नकदी, चांदी के आभूषण और अन्य सामान लूट लिया। इतना ही नहीं, पीड़ित को धमकाकर डिजिटल भुगतान के माध्यम से भी राशि ट्रांसफर कराई गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के शिक्षक कॉलोनी निवासी प्रार्थी अपने एक रिश्तेदार के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। 3 जुलाई की सुबह करीब 4:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। सहायता मांगने पर वहां मौजूद युवकों ने स्कूटी चोरी की होने का संदेह जताया और अपने अन्य साथियों को बुला लिया।


इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों को जबरन अपने साथ ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर मारपीट की। आरोपियों ने प्रार्थी से दो मोबाइल फोन, स्कूटी, नकदी, पर्स, आवश्यक दस्तावेज, इलेक्ट्रिकल कार्य में उपयोग होने वाला सामान, चांदी की अंगूठियां और चांदी का ब्रेसलेट लूट लिया। इसके अलावा पीड़ित को धमकाकर उसके डिजिटल भुगतान माध्यम से ₹18,180 भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। पुलिस के अनुसार, इस पूरी वारदात में कुल लगभग ₹87,180 की लूट की गई।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित को पुलगांव क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन उसका वीडियो बनवाया, ताकि वह पुलिस में शिकायत करने का साहस न कर सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पीड़ित की पहचान के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों तथा चार अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान (19 वर्ष) निवासी इंद्रा नगर, सुपेला तथा पंकज विश्वकर्मा (18 वर्ष) निवासी गदा चौक, सुपेला के रूप में हुई है। चार अपचारी बालकों को भी विधि अनुसार बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि लूटा गया सामान एवं घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और इस प्रकार के गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button