Advertisement Carousel
Blog

भिलाई स्टील प्लांट से स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 12 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा खुलासा, तीन आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
मुख्य आरोपी के लॉकर से 50 लाख के आभूषण और 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जप्त, अब तक 12 गिरफ्तार
दुर्ग, 22 जून। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित रूप से स्क्रैप चोरी कर अवैध परिवहन एवं बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सात दिन की पुलिस रिमांड के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने करोड़ों रुपये की संपत्ति एवं बहुमूल्य आभूषणों से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं।

Advertisements
Advertisements


पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में जांच की गई थी। जांच के दौरान फ्लू डस्ट के परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम कटिंग एवं अन्य स्क्रैप सामग्री का अवैध भंडारण और परिवहन किया जाना पाया गया था।


कार्रवाई के दौरान लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई गई है, जप्त की गई थी। वहीं परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों और मशीनरी सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जप्त की गई थी।
विवेचना के दौरान फरार मुख्य आरोपी संजय सिंह को उत्तरप्रदेश के देवरिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिमांड के दौरान हुई गहन पूछताछ में अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा तथा आकाश कुमार सिंह की भूमिका सामने आई, जिसके बाद दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।


पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए स्क्रैप की बिक्री से अर्जित धनराशि को विभिन्न अचल संपत्तियों एवं आभूषणों में निवेश किया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण तथा करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जप्त किए हैं। अन्य आरोपियों से भी संपत्ति संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है।


पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया तथा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान चोरी के स्क्रैप के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा गिरोह द्वारा अर्जित चल-अचल संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है। मामले की विवेचना अभी जारी है और आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि औद्योगिक सामग्री, स्क्रैप अथवा अन्य संपत्तियों के अवैध क्रय-विक्रय और परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button