Advertisement Carousel
Blog

अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा के युवाओं का जलवा, 175 युवा भारतीय सेना के लिए चयनित

Advertisements

जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने भारतीय थलसेना अग्निवीर भर्ती में शानदार सफलता हासिल करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। जिले के 175 युवाओं का अंतिम रूप से अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर चयनित युवाओं को सम्मानित किया गया।

Advertisements
Advertisements



मई-जून 2025 में आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा यानी सीईई और इसके बाद हुए शारीरिक दक्षता परीक्षण में जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिले से कुल 175 युवाओं का भारतीय थलसेना की अग्निवीर भर्ती में अंतिम चयन हुआ।

चयनित युवाओं के सम्मान में आकांक्षा आवासीय विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सभी चयनित युवाओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी श्री सुब्रत प्रधान ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन में जिला प्रशासन ने भूतपूर्व सैनिक संघ के सहयोग से विशेष आवासीय शारीरिक प्रशिक्षण शिविर संचालित किया था। यह शिविर 09 सितंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं को सेना भर्ती की शारीरिक परीक्षा के अनुरूप प्रशिक्षण दिया गया।

प्रतिदिन सुबह और शाम युवाओं को दौड़, बीम, बैलेंसिंग बीम, लंबी कूद, गड्ढा कूद, ऊंचाई मापन सहित विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और फिटनेस के प्रति भी प्रेरित किया गया।



इस विशेष प्रशिक्षण अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आया और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 112 युवाओं ने अग्निवीर भर्ती में सफलता हासिल की। जिला प्रशासन की यह पहल युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित हुई।


कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने चयनित युवाओं और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह सफलता संभव हुई है। उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा और शक्ति के आधार स्तंभ होते हैं तथा राष्ट्र सेवा से बड़ा कोई कर्तव्य नहीं है।


कलेक्टर ने विश्वास जताया कि चयनित युवा अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए देश, प्रदेश और जांजगीर-चांपा जिले का नाम रोशन करेंगे तथा आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button