Advertisement Carousel
Blog

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जांजगीर-चांपा से दबोचा गया आरोपी; 13 से अधिक निवेशकों से की थी करोड़ों की ठगी

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

1.77 करोड़ की निवेश ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार, जांजगीर-चांपा से दबोचा गया

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये की निवेश धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी विश्वजीत देवनाथ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले से पकड़कर रायगढ़ लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Advertisements


पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्वयं को शेयर मार्केट ट्रेडिंग और व्यवसाय से जुड़ा बताते हुए निवेशकों को हर माह 6 प्रतिशत ब्याज और मूलधन पर अतिरिक्त लाभ देने का लालच दिया था। शुरुआत में कुछ निवेशकों को रकम लौटाकर विश्वास हासिल किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने निवेश किया।
13 से अधिक निवेशकों से जुटाए 1.77 करोड़ रुपये
जांच में सामने आया कि आरोपी ने रायगढ़ के 13 से अधिक लोगों से कुल 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये निवेश कराए थे। इनमें संजय मिश्रा, विकास साहू, राकेश मनहर, रितेश साव, देव कश्यप, सुनील पाणिग्रही, शिशुपाल, कृष्णा पाण्डे, कृष्णा द्विवेदी, राकेश सरकार, लोचन पटेल, मनिल गुप्ता और अजय वर्मा सहित अन्य निवेशक शामिल हैं।


मामले का खुलासा तब हुआ जब निवेशकों को पता चला कि शेयर ट्रेडिंग के लिए आवश्यक डीमैट खाते से संबंधित कोई दस्तावेज आरोपी उपलब्ध नहीं करा रहा था। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांजगीर-चांपा से हुई गिरफ्तारी
कोतवाली थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 288/2026 की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन जांजगीर-चांपा जिले में मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना में भी धोखाधड़ी का एक अन्य मामला दर्ज है।
पूछताछ में कबूला निवेश योजना चलाने का खेल
पुलिस पूछताछ में आरोपी विश्वजीत देवनाथ ने स्वीकार किया कि वह लोगों से निवेश लेकर विभिन्न बैंक खातों और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से शेयर बाजार में रकम लगाता था। शुरुआती दौर में निवेशकों को भुगतान किया गया, लेकिन बाद में शेयर बाजार में नुकसान होने के कारण वह निवेशकों की राशि वापस नहीं कर सका।


बैंक खातों और निवेश नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी विश्वजीत देवनाथ (43 वर्ष), निवासी नदिया जिला, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर लिया है। अब उसके बैंक खातों, ट्रेडिंग खातों और अन्य वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस संभावित निवेश नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
एसएसपी की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता, दस्तावेज और पंजीकरण की जांच अवश्य करें। अधिक मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध निवेश या साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाना में दें।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button