Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर में सामुदायिक पुलिसिंग की नई मिसाल, 2500 स्वयंसेवकों के साथ “पुलिस मितान” योजना का शुभारंभ

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। जशपुर पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देते हुए जिले में बहुउद्देशीय “पुलिस मितान” योजना की शुरुआत की है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस अभिनव योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।

Advertisements
Advertisements

इस पहल के तहत जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों से जुड़े लगभग 2500 स्वयंसेवकों को “पुलिस मितान” के रूप में जोड़ा गया है। चरित्र सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र भी जारी किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, पुलिस मितान, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सड़क सुरक्षा से सामाजिक जागरूकता तक निभाएंगे अहम भूमिका

जशपुर पुलिस की यह योजना केवल पुलिस सहायता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाने का एक व्यापक अभियान बनेगी। पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), जनसहायता एवं सामाजिक दायित्वों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Advertisements

प्रशिक्षण के बाद पुलिस मितान गांव-गांव जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ही नशाखोरी, टोनही प्रताड़ना, मानव तस्करी और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

“सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर” मिशन को मिलेगा बल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि अब पुलिस मितान भी पुलिस परिवार का हिस्सा हैं और सभी मिलकर “सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर” मिशन को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस मितान केवल एक नाम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनचेतना का मजबूत माध्यम है। सड़क सुरक्षा, सामाजिक अपराध, सामाजिक बुराइयों और जनहित के मुद्दों पर पुलिस मितान लोगों के बीच जाकर पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगे।

जनभागीदारी आधारित पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा

जशपुर पुलिस का मानना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुधार के प्रयास अधिक प्रभावी बन सकते हैं। “पुलिस मितान” योजना के माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे स्थानीय समस्याओं की जानकारी समय पर मिलेगी और सामाजिक अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।

योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सामाजिक कुरीतियों को दूर करना तथा सभ्य, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण करना है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, डीएसपी ट्रैफिक कुंजराम चौहान सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस मितान, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस मितानों ने समाजहित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button