Advertisement Carousel
Blog

वेदांता पावर प्लांट विस्फोट: 20 श्रमिकों की मौत, 15 घायल; लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर

Advertisements

वेदांता पावर प्लांट विस्फोट: 20 श्रमिकों की मौत, 15 घायल; लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर
सक्ति।
जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में 20 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 घायल श्रमिकों का उपचार जारी है।
14 अप्रैल को हुआ था हादसा
यह दुर्घटना 14 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:33 बजे बायलर-01 में हुए विस्फोट के कारण हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल प्रारंभिक जांच शुरू की गई।
घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज
घायल श्रमिकों को रायगढ़ जिले के मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अपेक्स अस्पताल, मेट्रो अस्पताल सहित अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन द्वारा मृतकों एवं घायलों के परिजनों को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
तकनीकी जांच में सामने आई वजह
प्रारंभिक तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार बायलर फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा होने से दबाव बढ़ गया, जिससे विस्फोट हुआ।
दबाव के कारण बायलर का निचला पाइप अपनी स्थिति से हट गया और यह हादसा हुआ।
एफएसएल रिपोर्ट में भी इसी कारण की पुष्टि की गई है।
रख-रखाव में लापरवाही उजागर
जांच में पाया गया कि कंपनी और संबंधित एजेंसी द्वारा मशीनरी के रख-रखाव और संचालन मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया।
उपकरणों की देखरेख में लापरवाही और संचालन में उपेक्षा के चलते बायलर के दबाव में असंतुलन उत्पन्न हुआ, जिससे यह दुर्घटना हुई।
कंपनी अधिकारियों पर मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर वेदांता कंपनी के निदेशक अनिल अग्रवाल, प्रबंधक देवेन्द्र पटेल सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ थाना डभरा में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत धारा 106(1), 289, 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है।
विशेष टीम कर रही विस्तृत जांच
मामले की गहन जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है।
टीम में एसडीओपी सुमित गुप्ता, फोरेंसिक अधिकारी सृष्टि सिंह और थाना प्रभारी राजेश पटेल शामिल हैं।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी विशेषज्ञों के साथ समन्वय कर मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button