Advertisement Carousel
Blog

भीषण गर्मी में राहत: दोपहर 12 से 4 बजे तक बंद रहेंगे शहर के ट्रैफिक सिग्नल

Advertisements

भीषण गर्मी में राहत: दोपहर 12 से 4 बजे तक बंद रहेंगे शहर के ट्रैफिक सिग्नल
बिलासपुर।
भीषण गर्मी और लू से राहत देने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने विशेष पहल की है। इसके तहत 17 अप्रैल 2026 से प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे।
यह निर्णय विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, बीमार व्यक्तियों सहित आमजनों को तेज धूप में सिग्नल पर रुकने से होने वाली परेशानी से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
अधिकारियों के निर्देशन में लिया गया निर्णय
यह पहल पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में लागू की जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा शहर में सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनहित के कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
लू से बचाव के लिए राहत भरा कदम
गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि आम नागरिकों को चौक-चौराहों पर रुककर तेज धूप और लू का सामना न करना पड़े और वे अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकें।
नियमों का पालन करना जरूरी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सिग्नल बंद रहने के दौरान भी सभी नागरिक यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।
चौक-चौराहों पर यातायात कर्मी तैनात रहेंगे, जो यातायात संचालन में सहयोग करेंगे।
संवेदनशीलता दिखाने की अपील
नागरिकों से विशेष अपील की गई है कि वे महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को सड़क पार करने में प्राथमिकता दें और उनकी सहायता करें, ताकि किसी को भी गर्मी में परेशानी न हो।
स्वास्थ्य का रखें विशेष ध्यान
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के लिए चिकित्सकीय सलाह का पालन करें।
यदि किसी व्यक्ति को लू या गर्मी के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है, तो वे तुरंत नजदीकी यातायात कर्मियों से संपर्क करें। कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button