Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

मुंबई से पकड़ा गया हथियार मामले का फरार आरोपी, जशपुर पुलिस ने की गिरफ्तारी

Ad
फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। बूमतेल सरनाटोली जंगल में हथियारों के साथ लोगों को डराकर पैसे मांगने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को जशपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलटू दास (36 वर्ष), निवासी कुरूमगढ़ क्षेत्र, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।
Advertisements
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि बूमतेल सरनाटोली जंगल क्षेत्र में दो हथियारबंद व्यक्ति राहगीरों को भयभीत कर उनसे पैसों की मांग कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही दोनों आरोपी हथियार और अन्य सामान मौके पर छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

मौके की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक इंसास रायफल, एक देशी निर्मित रायफल, एक देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, लोहे के चार बोल्ट, हथौड़ी, तलवार, कैंची, बैग तथा कुछ दस्तावेज बरामद किए थे। मामले में सिटी कोतवाली जशपुर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान हृदय साहू उर्फ गांगु और पलटू दास के रूप में की। हृदय साहू को पुलिस पहले ही उसके गृह क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। वहीं पलटू दास घटना के बाद से लगातार फरार था।

मुंबई में छिपे होने की मिली जानकारी

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के मुंबई में छिपे होने का पता चला। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मुंबई भेजी गई। टीम ने आरोपी को वहां से हिरासत में लिया और जशपुर लाकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसकी मुलाकात सह-आरोपी हृदय साहू से हुई थी और दोनों ने हथियारों के बल पर लोगों को डराकर अवैध रूप से रुपये वसूलने की योजना बनाई थी।
युवक-युवती से रुपये मंगवाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने एक युवक और युवती को कथित रूप से डराने-धमकाने तथा उनके परिजनों से 30 हजार रुपये मंगवाने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, राशि मिलने के बाद दोनों ने उसे आपस में बांट लिया था।

जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपियों ने जंगल में मशरूम बीनने गई दो युवतियों को हथियार दिखाकर डराया तथा उनका भोजन ले लिया था। इसके बाद लावा नदी क्षेत्र के आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों से भी भोजन लेने की जानकारी पुलिस को पूछताछ में मिली है।

पूर्व में नक्सली संगठन के संपर्क में रहने का दावा

हथियारों के संबंध में पूछताछ के दौरान आरोपी पलटू दास के पूर्व में नक्सली संगठन के एक समूह के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2012 के दौरान जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियारों को अपने कब्जे में लेने का दावा किया है। इस बिंदु पर पुलिस द्वारा अलग से विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, आरक्षक उपेंद्र सिंह और नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button